झांसी। फर्जी जीएसटी बनाकर वाहनों का ठेका ले लेने की शिकायत वाणिज्य कर विभाग के अपर आयुक्त से की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ट्रैवल कंपनी के मालिक ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके ऐसा किया है। मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
सूर्यपुरम कॉलोनी निवासी निशांत कुमार ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय झांसी, जालौन, इटावा में लगातार फर्जी जीएसटी के जरिए एक फर्म लगातार ठेके ले रही है। साथ ही इसका भुगतान भी विभाग की तरफ से कर दिया जा रहा है। इस संबंध में बीएसए से भी शिकायत की जा चुकी है मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फर्म के मालिक ने फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की हानि पहुंचाई है। अमित कुमार ने वाणिज्य कर विभाग के कार्यालय को गुमराह ही नहीं किया, बल्कि आपराधिक कृत्य भी किया है, जो दंडनीय अपराध है। इस मामले में ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।