गुरसराय। बीड़ी कारोबारी की पुत्री की हत्या के मामले में पुलिस के शक की सूई परिजनों के आसपास ही घूम रही है। पुत्री के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने पिता अमित शुक्ला से करीब दो घंटे लंबी पूछताछ की। पुलिस अमित की दूसरी पत्नी के पास कालपी भी पहुंच गई। आस-पड़ोस के लोगोें से पूछताछ में भी पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य मालूम चले हैं। पुलिस अफसरों का दावा है जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
गुरसराय थाने के कटरा मोहल्ला निवासी बीड़ी कारोबारी अमित शुक्ला की तेरह वर्षीय बेटी खुशी की हत्या कर दी गई। उसका शव घर के बंद कमरे में मिला। घर में वह अकेली थी। पिता अमित कारोबार के सिलसिले में मऊरानीपुर गया था जबकि सौतेली मां आकांक्षा मायके में थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे अमित को खुशी का शव मिला लेकिन, उसे लेकर सीएचसी वह करीब रात साढ़े ग्यारह बजे पहुंचा। पुलिस को इन्हीं सब वजहों से परिजनों पर शक गहरा गया। अंतिम संस्कार से निपटने के बाद शनिवार को पुलिस ने पूछताछ के लिए अमित को बुला लिया। लंबी पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसकी लोकेशन समेत अन्य सवाल पूछे। वहीं, पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। पड़ोसियों ने बताया खुशी के साथ परिवार का बर्ताव अच्छा नहीं था। अकसर उसके साथ मारपीट होती थी। समय पर खाना नहीं दिया जाता था। पुलिस का कहना है पूछताछ में मालूम चला कि अमित की दूसरी पत्नी खुशी के साथ नहीं रहना चाहती थी। बता दें, खुशी अमित की पहली पत्नी की पुत्री थी। पुलिस का कहना है सभी सूत्रों को एक साथ मिलाने पर घटना साफ हो जाएगी। वहीं, एसएसपी शिवहरि मीना का कहना है कि खुलासे के लिए छह टीम लगाई गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।