झांसी। नवागंतुक जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार व कलक्ट्रेट का निरीक्षण करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से पत्रावलियों को लंबित न रखा जाए। फाइलों को लटकाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद विकास भवन में हुई बैठक में डीएम ने अफसरों को जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
चार्ज लेने के बाद डीएम ने कलक्ट्रेट का भ्रमण कर विभिन्न पटलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ीं समस्याओं को प्राथमिकता से लिया जाए। अधिकारी समय से ऑफिस पहुंचकर जनता दर्शन करें और प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि वे लगातार औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अनुपस्थित पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद वे विकास भवन में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि नगर पालिकाओं में भव्य दीपावली मेले आयोजित किए जाएं। इस मौके पर सीडीओ शैलेष कुमार, एडीएम राम अक्षयवर चौहान व संजय कुमार पांडेय, सीटीओ रामपाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दो बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ चुके हैं डीएम
झांसी। नवागंतुक जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मूल रुप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं। वे 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले उन्होंने 1999 में पहले ही प्रयास में आईआईटी की परीक्षा पास की थी और फिर शिपिंग के क्षेत्र में लगभग दस सालों तक काम किया। इससे पहले वे फर्रुखाबाद व बुलंदशहर में जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा अन्य पदों पर भी रह चुके हैं। केंद्र में वे केंद्रीय पेयजल और स्वच्छता मंत्री के निजी सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा वे दो बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई भी कर चुके हैं। उन्होंने पर्वतारोहण की यात्रा पर दो पुस्तकें भी लिखी हैं। पर्वतारोण के अलावा बंजी जंपिंग, प्लाइंग फॉक्स, पैरा सेलिंग, स्कूबा डाइविंग जैस कई अन्य खेल व साहसिक गतिविधियों से जुड़े रहे। वे अच्छे धावक, तैराक व कराटे में ब्लैक बेल्ट रह चुके हैं।