झांसी। ग्वालियर-इटावा एकल रेल लाइन पर ओएचई का काम पूरा होने के बाद सोमवार रात पहली बार बिरलानगर से उदीमोर स्टेशन के बीच इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ाकर ट्रायल किया गया। इंजन की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही। अब मुख्य संरक्षा आयुक्त ओएचई लाइन का निरीक्षण करेंगेे। उनकी अनुमति मिलने पर सेक्शन में इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें चलने लगेंगी।
ग्वालियर से बिरलानगर होकर इटावा के लिए एकल रेल लाइन जाती है। ग्वालियर से इटावा की दूरी 115 किलोमीटर है। इस लाइन पर बिरलानगर, फदरौली, शनिचरा, लिधौरा, मालनपुर, नौनेरा, रायतपुरा, गोहद रोड, सोंदारोड, सोनी, अशोकहर, इटेहा, भिंड, फूप, उदीमोर स्टेशन पड़ते हैं। अभी इस रेल लाइन पर डीजल इंजन से ट्रेनों का संचालन होता है। मगर अब इस लाइन पर ओएचई लाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। लाइन को चार्ज कर लिया गया है। सोमवार की रात बिरलानगर से उदीमोर स्टेशन के बीच इलेक्ट्रिक इंजन चलाकर ट्रायल किया गया। इस खंड में ओएचई लाइन डालने का कार्य 90 करोड़ रुपये में पूरा हुआ है।