झांसी। झांसी- कानपुर सेक्शन में चौंराह, पुखरायां और मलासा स्टेशनों के बीच 19 किलोमीटर तक दोहरीकरण और इंटरलॉकिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सीआरएस (मुख्य संरक्षा आयुक्त) मोहम्मद लतीफ मंगलवार को स्पेशल ट्रेन से इसका निरीक्षण करेंगे। उनकी संस्तुति के बाद इस सेक्शन को परिचालन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके खुलते ही ट्रेनों के परिचालन में तेजी आएगी।
झांसी- कानपुर सेक्शन में झांसी जंक्शन और भीमसेन जंक्शन के बीच 206 किलोमीटर ट्रैक पर दोहरीकरण का कार्य होना है जिसमें 105 किलोमीटर तक दोहरीकरण का कार्य पूरा कर यातायात के लिए खोला जा चुका है। अब चौंराह, पुखरायां और मलासा के बीच 19 किलोमीटर तक दोहरीकरण और इंटरलॉकिंग का कार्य और पूरा कर लिया गया है। अभी तक यहां पर सिंगल ट्रैक होने के कारण एक ट्रेन को निकालने के लिए दूसरी ट्रेन को समीप के रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ता है जिससे ट्रेनों के समय पालन में दिक्कतें आती हैं।