झांसी। पुष्पक एक्सप्रेस व पटना इंदौर एक्सप्रेस में लूटपाट के मामले में जीआरपी उन्नाव, कानपुर, उरई व झांसी स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जीआरपी का मानना है कि घटना से पूर्व व बाद में दोनों ट्रेनें उक्त चार स्टेशन पर ही रुकी थीं। अगर कोई बदमाश ट्रेन के अंदर पहले से था तो वह उतरता या चढ़ता दिखाई पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक आरपीएफ और जीआरपी की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं हैं।
जीआरपी अभी तक पारीछा व सरसौखी स्टेशन के आसपास क्षेत्रों में बदमाशों को खोजने का हर संभव प्रयास कर चुकी है। घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों पर लगातार संपर्क जारी है। साथ ही अब जीआरपी उन स्टेशनों के भी सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है, जहां पर ट्रेनें रुकीं थीं। दोनों ट्रेनें उन्नाव, कानपुर, उरई व झांसी स्टेशन पर रुकी थीं। जीआरपी का मानना है कि अगर बदमाशों का कोई साथी ट्रेन के अंदर पहले से मौजूद था तो वह निश्चित ही ट्रेन में चढ़ता या उतरता जरूर नजर आ जाएगा।
वहीं, जीआरपी की पांच- पांच टीमें दोनों घटनास्थल के आसपास क्षेत्रों में सक्रिय हैं। यह टीमें लगातार सिविल पुलिस की मदद से घटनास्थल के आसपास क्षेत्रों में रहने वाले बदमाशों की सक्रियता पर नजर रख रही है। सेमरी, आटा, दतिया, एट के टोला प्लाजा से 100 घंटे की फुटेज निकलवाई गई है। फुटेज में बाइक वाली लाइन से गुजरी गाड़ियों को एक- एक कर छानबीन जारी है। लुटेरों का पता लगाने के लिए सबसे अधिक मदद सर्विलांस की ली जा रही है। पश्चिमी यूपी गई टीम मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ़्फरनगर, बागपत, बड़ौत, शामली समेत अन्य जिलों में बदमाशों की लगातार तलाश कर रही है।
- पुष्पक एक्सप्रेस व इंदौर पटना एक्सप्रेस उन्नाव, कानपुर, उरई व झांसी स्टेशन रुकी थी। इन सब स्टेशनों के भी सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। हो सकता है कि बदमाशों का कोई साथी ट्रेन में पहले से मौजूद हो जो उतरता या चढ़ता नजर आ जाए। जल्द ही बदमाश पकड़े जाएंगे।
मोहम्मद इमरान, एसपी जीआरपी।
यहां हुईं थीं घटनाएं
- 23 अगस्त की रात बदमाशों ने उरई सेक्शन के सरसौखी स्टेशन आउटर पर 09322 पटना इंदौर एक्सप्रेस के यात्रियों के साथ लूटपाट की थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने सिग्नल फेल करने के लिए उस पर गीली मिट्टी लगाकर कपड़ा बांध दिया था। हथियारों के बल पर बदमाश कई यात्रियों का कीमती सामान लूट ले गए थे। इनमें इंदौर के तुकोगंज निवासी दीपांशी तिवारी, पटना के सिरौनी निवासी अंजनी व बाराबंकी के हैदरगढ़ निवासी अनीता ने जीआरपी झांसी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीनों महिलाओं के गले से बदमाश मंगलसूत्र छीन ले गए थे जबकि इस ट्रेन में आरपीएफ स्क्वायड तैनात था।
- 24 अगस्त की रात बदमाशों ने पुष्पक एक्सप्रेस को पारीछा होम सिग्नल पर रोक कर यात्रियों के साथ लूटपाट की। बदमाशों ने ट्रेन को रोकने के लिए यहां भी सिग्नल पर गीली मिट्टी से लिपटा कपड़ा बांधा था। बदमाशों ने खिड़की से हाथ डालकर महिला यात्री माधुरी चौधरी के कान का झुमका लूट लिया। इस ट्रेन में जीआरपी स्क्वायड तैनात था।