रोडवेज बसों से जाते हुए अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में आज (रविवार) यानी 28 नंवबर को आयोजित हो रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET ) का पेपर लीक हो गया है। इसकी वजह से परीक्षा रद्द कर दी गई है। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा निरस्त कर दी है। बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परीक्षा निरस्त करने निर्णय किया गया है। प्रश्नपत्र वॉट्सएप पर लीक हो गया।
पेपर लीक होने के बाद एसटीएफ ने प्रदेश भर में छापेमारी की है, प्रयागराज, मेरठ और गाजियाबाद से कई लोग हिरासत में लिए गए हैं। परीक्षा की तिथि का अब बाद में एलान होगा। बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार ने बताया कि प्रयागराज में प्रश्न पत्र लीक होने की एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई है।
पेपर लीक करने वाले 23 लोग गिरफ्तार
एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि पेपर लीक करने वाले 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लखनऊ से चार, मेरठ से तीन, गोरखपुर-वाराणसी से दो, कौशांबी से एक और प्रयागराज से 13 अभियुक्त गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने अब तक 23 आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से पहले ही पेपर लीक हो गए। छात्रों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए यूपीएसआरटीसी ने व्यवस्था की है। अभ्यर्थी परीक्षा का प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज की बसों से फ्री में अपने घरों को जा सकेंगे। वहीं, झांसी में टीईटी परीक्षा निरस्त होने के बाद रोडवेज से अभ्यर्थियों को वापस भेजा गया। अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र चेक कर रोडवेज बसों में उन्हें भेजा गया। कई हजार अभ्यर्थी वापस भेजे गए हैं।