जौनपुर। भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को साइकिल जुलूस निकाला। इस दौरान जिलाध्यक्ष रजनीश मिश्रा ने कहा कि आम जनता मौजूदा सरकार से परेशान है। भाजपा सरकार नौजवान, छात्र, किसान विरोधी है।
सछास का जुलूस जगदीशपुर स्थित सभा कार्यालय से शुरू होकर सिंह कोल्ड स्टोरेज, नाथूपुर चौराहा होते हुए हाइडिल तिराहा, कचहरी होते हुए सपा जिला कार्यालय पहुंचा। सपा जिला महासचिव अनिल यादव ने कहा कि इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। छात्रों नौजवान का शोषण किया जा रहा है। जिला सचिव विशाल यादव ने कहा कि इस सरकार में छात्रों पर अत्याचार हो रहा है। टीडी कालेज छात्र सभा के अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार को हटाना है तो समाजवादी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में लाना होगा। जुलूस में जिला उपाध्यक्ष शिवा यादव, प्रियांशु साहू, दीपक यदुवंशी, अवनीश, राहुल, विजय, रोहित, अजय, विशाल रहे।