जौनपुर। स्वास्थ्य केंद्रों पर समय से कोविड-19 वैक्सीन नहीं पहुंचने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले के सीएचसी, पीएचसी और अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए लोग सुबह से कतार में लग जाते हैं। लेकिन, वैक्सीन नहीं पहुंचने से लोगों को घंटों टीका लगवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वैक्सीन समय से नहीं पहुंचने से कई स्वास्थ्य केंद्रों पर आए दिन हंगामा हो रहा है। तमाम लोग बिना टीका लगवाए ही लौट जा रहे हैं।
वैक्सीन समय से नहीं पहुंचने के कारण रामपुर क्षेत्र के सुरेरी स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र पर विगत दो तीन दिन पहले कतार में खडे़ लोगों ने हंगामा किया था। टीका लगवाने के लिए लोग सुबह से कतार में खडे़ थे। लेकिन, दोपहर तक वैक्सीन केंद्र पर नहीं पहुंची तो लोग नाराज हो गए। किसी तरह वैक्सीन मंगाकर टीकाकरण शुरू कराया गया, तब जाकर लोग शांत हुए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारी टीकाकरण की जानकारी समय से नहीं देते हैं। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन पहले सीएचसी बरसठी केंद्र पर दोहपर 12 बजे तक वैक्सीन नहीं पहुंची थी। जब टीका लगवाने के लिए सैकड़ों लोग कतार में खडे़ रहे। वैक्सीन पहुंचने पर दोपहर बाद टीकाकरण शुरू कराया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेद्र कुमार सिंह ने कहा कि बारिश के कारण बरसठी, मछलीशहर समेत कुछ अन्य केंद्रों पर देर से वैक्सीन पहुंची थी। वैक्सीन पहुंचने के बाद देर शाम तक टीकाकरण कराया गया था।