करवाचौथ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। त्योहार को लेकर महिलाएं शृंगार, सरगी और पूजा की सामग्री की खरीदारी में जुट गई हैं। बुधवार को शाम तक महिलाएं बाजार में खरीदारी करते गईं। सबसे अधिक भीड़ कपड़े, आभूषण, मिठाई, पूजा सामग्री की दुकानों पर देखी गई।
महिलाओं ने करवा चौथ व्रत की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहार को देखते हुए ब्यूटी पार्लर पर भी बुकिंग शुरू हो गई है। इस बार करवाचौथ 24 अक्तूबर को पड़ रहा है। करवा चौथ पर मेंहदी लगवाने की परंपरा रही है। एक दिन पहले ही शहर के सभी बाजारों में सड़क के किनारे मेंहदी लगाने वालों की दुकानें भी सज जाती हैं। मेंहदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ रहती है। उन्हें मेहंदी लगाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। मेंहदी लगाने के नाम पर 100 से 500 रुपये तक लिए जाते हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ लग रही है। देर रात तक शहर में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।