करंजाकला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय का रिजल्ट तैयार करने में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी से आक्रोशित छात्रों ने शुक्रवार को भी विवि. परिसर में ताला बंद कर हंगामा किया। सभी गेटों में ताला बंद कर परिसर में नारेबाजी की। देर शाम तक प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर हंगामा किया। सूचना पर विवि पहुंचे और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया। कुलसचिव और अन्य अधिकारियों ने दो दिन में रिजल्ट ठीक कराने का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया।
शुक्रवार को सैकड़ों स्नातक के छात्र परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर विश्वविद्यालय परिसर सुबह ही पहुंच गए। छात्र अपनी समस्याओं को लेकर कुलपति से मिलकर अवगत कराना चाहते थे। लेकिन कुलपति से छात्रों की मुलाकात नहीं हुई। इससे नाराज छात्र- छात्राओं ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में चारों तरफ से गेट बंदकर नारेबाजी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र लगातार अपनी मांग को लेकर नारेबाजी हंगामा प्रदर्शन कर रहे। इस दौरान कई बार कर्मचारियों से छात्र-छात्राओं की नोकझोंक भी हुई। छात्र इस बात को लेकर नाराज और अपनी मांग को लेकर अड़े हुए थे कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के दौरान स्कूल कॉलेज पूरी तरह से बंद चल रहा था। स्नातक व स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्र छात्राओं को प्रमोट करने की बात कहीं गई थी। इसके बावजूद प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षा में छात्रों को फेल कर दिया गया है। छात्रों के हंगामा के चलते विश्वविद्यालय के किसी भी शिक्षक व प्रॉक्टोरियल बोर्ड की छात्रों को समझाने की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। प्रशासनिक भवन में फंसे काफी कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को अपने अपने नंबरों से फोन किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव समेत कई अधिकारियों से बातचीत करने के बाद छात्रों से दो दिन का समय मांगा, जिसके बाद छात्र वापस लौट गए।