खेतासराय। खेतासराय रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे क्रासिंग पर रविवार को दोपहर राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ा। दो यात्री ट्रेनों को निकालने के चक्कर में एक मालगाड़ी को आधा घंटा तक स्टेशन पर रोके रखा गया। इस दौरान क्रासिंग के दोनों तरफ एक घंटा तक राहगीर वाहन समेत फंसे रहे।
दीदारगंज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग दोपहर 2:05 बजे जौनपुर की तरफ से आ रही मालगाड़ी को देखते हुए गेट संख्या 55 सी को बंद कर दिया गया। मालगाड़ी को रेलवे स्टेशन पर रोका गया तो मालगाड़ी खड़ी होने के बाद इंजन क्रासिंग पार गया। इसके चलते चार पहिया वाहनों के साथ बाइक सवार भी क्रासिंग के दोनों तरफ फंस गए। मालगाड़ी रोककर पहले दून एक्सप्रेस फिर ताप्ती गंगा ट्रेन को निकाला गया। दोनों ट्रेनें गुजारने के बाद मालगाड़ी को सिग्नल मिला। मालगाड़ी जाने के 26 मिनट बाद 2:31 पर गेट खुला। इस बीच क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों का लंबा काफिला लग चुका था। गेट खुलते ही बाइक सवार बाइक लेकर बीच में घुस गए। पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं होने से क्रासिंग पर जाम की नौबत आ गई। 15 मिनट तक राहगीर जाम में फंसे रहे। जाम में कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां भी उड़ती रहीं। किसी के चेहरे पर मास्क तक नहीं था। अभी क्रासिंग पर जाम खत्म भी नहीं हो पाया था कि गोदान एक्सप्रेस के आने का समय हो गया। इसके चलते 2:50 पर गेट को फिर बंद करना पड़ा। इस दौरान शाहगंज की तरफ से कोई ट्रेन आ रही थी। इससे 2:55 पर पहुंची गोदान ट्रेन को स्टेशन पर रोकना पड़ा। ट्रेन रुकने के दो मिनट बाद राहगीरों को घंटा भर से फंसा देख 2:57 पर गेट खोल दिया गया। जाम फंसे वाहनों को निकालने के बाद 3:04 पर गेट पुन: बंद कर दिया गया। ट्रेनें जाने के बाद गेट खुलने पर आवागमन चालू हुआ। खेतासराय-दीदारगंज मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को ऐसी समस्या आए दिन झेलनी पड़ती है। क्षेत्रवासी इस क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं।