पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के रजिस्ट्रार ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर एक सप्ताह में भीतर स्टडी मैटेरियल ऑनलाइन करने का निर्देश दिया है। छात्रों की समस्या का ऑनलाइन निस्तारण करने का भी फरमान जारी किया है, ताकि चालू सत्र में परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित न हो।
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा ने 27 मार्च को शासन ने विश्नविद्यालय को पत्र जारी किया था कि विभागवार विषयों का पाठ्य सामग्री अप लोड करा दिया जाए। ताकि शिक्षण संस्थान बंद होने के बाद भी छात्र घर बैठकर पठाई कर सकें। पत्र मिलने के बाद 28 मार्च को ही रजिस्ट्रार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिया था।
यह भी निर्देश दिया था सभी विभागाध्यक्ष पाठ्यक्रम के हिसाब से अध्ययन सामग्री विवि की वेबसाइट पर यथाशीघ्र अपलोड करा दें। कुछ विभागों ने इसे अपलोड भी कर दिया है। छात्रों को यह जानकारी भी दी जा रही है कि वह सेलेबस के हिसाब से विवि के वेबसाइट पर अपने पाठ्यक्रम खोजकर घर बैठे तैयारी कर लें।
विवि परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों के विषय वार अध्ययन सामग्री पहले से ही अपलोड कर दी गई है। पूविवि के रजिरस्ट्रार सुजीत कुमार जायसवाल का कहना है कि शासन के पत्र के बाद विषय वार अध्ययन सामग्री विवि के वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी तरह से प्रभावित न हो।