जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौराबादशाहपुर: गौरा गांव निवासी गणेश विश्वकर्मा बाइक से अपनी मौसी के घर बरदह थाने के बरौना बैरी गया था। रविवार को वापस अपनी मौसेरी बहन रिया (15) को लेकर वापस आ रहा था। जिवली स्थित गैस गोदाम के पास पहुंचा था कि सामने से से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गणेश (20) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठी रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची बरदह पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर को थाने ले आई। गणेश हेलमेट नहीं पहने हुए था।
मड़ियाहूं: नगर के बाइपास पर नयेपुरा बस्ती के पास रविवार की भोर मिर्जापुर से जौनपुर की तरफ गिट्टी लादकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जाकर पलट गया। ट्रक में फंसे खलासी और ड्राइवर को आसपास के लोगों किसी तरह से बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आई। ट्रक पलटने से बिजली का पोल टूट गया। जिससे कस्बे के अधिकांश हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे कस्बा के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।