जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह ने उरी में हुए आतंकी हमले में शहीद राजेश सिंह की स्मृति में शहीद स्तंभ और पार्क बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही राजेश सिंह देश की रक्षा करते हुए 18 सितंबर 2016 को उरी में हुए आतंकी हमले में बलिदान देकर जिले का नाम रोशन किया था। ऐसे शहीद और उनके परिवार के लिए हम लोग कुछ कर सकें तो सौभाग्य होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष भकुरा गांव में शहीद राजेश सिंह की शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। शहीद के पिता राजेंद्र सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। कहा कि पुत्र के शहीद हुए पांच साल हो गए और अब तक शहीद की स्मृति में न तो मुख्य द्वार बनाया गया और न ही आर्थिक सहायता दी गई। इसके लिए जौनपुर से लगायत लखनऊ तक चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि सरकार की तरफ से 20 लाख रुपये शहीद राजेश सिंह की पत्नी को दी गई है, लेकिन माता-पिता को मिलने वाली पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता अभी तक नहीं दी गई है। करंजाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ने कहा कि शहीद के नाम पर एक मार्ग बनाया गया है तथा जल्द ही अन्य कार्य भी पूरे किए जाएंगे।
इस मौके पर शहीद राजेश सिंह की पत्नी जूली सिंह, पुत्र रिशांक सिंह के अलावा मां, बहनों व भाइयों तथा अन्य लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संचालन राजकुमार सिंह व आभार नन्हे सिंह ने ज्ञापित किया।