खेतासराय। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पर सोमवार को अपनी बहन की डिलीवरी कराने आए युवक की बाइक से मामूली टक्कर लगने के विवाद में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। मारपीट के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के सैयद गोरारी निवासी युवक शाहिद सोमवार की दोपहर को अपनी बहन को प्रसव पीड़ा होने पर डिलेवरी के लिए अपने परिजनों के साथ प्राथमिक सोंधी जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक से सोंधी निवासी युवक से टक्कर हो गई। मामला तू-तू ,मैं -मैं व मारपीट में बदल गया। मनबढ़ों की मारपीट में सैयद गोरारी निवासी सकलैन (28) और रिजवान (38) घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पर उपचार कराया गया। इसी बीच दबंगों की पिटाई का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय ने बताया कि मारपीट का वीडियो संज्ञान में आया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। मारपीट के एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। छानबीन करके उचित कार्रवाई की जाएगी।