छात्रा सोमवार की सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थी, वह साइकिल से जा रही थी। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया।
जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के पास सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा किया तो करीब एक किमी दूर जाने के बाद चालक वाहन खड़ा करके फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। साथ ही छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद निवासी इंद्रपाल की बेटी सरिता(18) टीडी इंटर कॉलेज की छात्रा थी। वह साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकली थी। सुबह करीब 09:30 बजे अलीगंज बाजार में पहुंची थी कि पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा किया। लेकिन, करीब एक किमी दूर जौनपुर की तरफ पुलिया के पास पहुंचने पर चालक गाड़ी खड़ी करके फरार हो गया। वहीं, आक्रोशित लोगों ने ट्रक का शीशा तोड़ दिया। दूसरी ओर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।