जौनपुर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट
- फोटो : अमर उजाला
अवैध तरीके से बनाए जा रहे थे पटाखे
जौनपुर जिले के मड़ियाहूं क्षेत्र के भंडरिया टोला पाही मोहल्ला निवासी मुस्ताक अपने घर में अवैध तरीके से पटाखा बनाने और बेचने का कार्य करता है। चार नवंबर को दीपावली होने के चलते पूरा परिवार पटाखे बनाने में लगा था। शनिवार शाम करीब पांच बजे संदिग्ध परिस्थितियों में पटाखों में आग लग गई, जिसके चलते भीषण विस्फोट हो गया और मकान की छत उड़ गई।
मकान के मलबे में दबकर परिवार के कई सदस्य दब गए। जिसमें मुस्ताक(56) पुत्र बाबू मियां, कल्लू(38) पुत्र मुस्ताक, गुड़िया(28) पत्नी सोनू और परिवार के एजाज(13) समेत दो छोटे बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी होने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस आनन-फानन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में मुस्ताकर, कल्लू और गुड़िया की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पढ़ेंः गैंगेस्टर कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी सांसद अतुल राय की पेशी
एक घंटे तक धमाके की आती रही आवाज
घटना के बाद एक घंटे तक मकान से धमाके की आवाज आती रही। मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के जवानों ने कई घंटें मशक्कत के बाद आग बुझाई। रात सात बजे तक मकान के मलबे को हटाने का काम जारी रहा। वहीं, घटना की सूचना पाकर मौके पर एडीएम राम प्रकाश,उप जिलाधिकारी अर्चना ओझा, क्षेत्राधिकारी एसपी उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह, तहसीलदार अमित त्रिपाठी समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
पढ़ेंः दर्जी ने अपनी दुकान पर फहराया पाकिस्तानी झंडा, पुलिस ने किया गिरफ्तार