गुरुग्राम में नाबालिग टेनिस खिलाड़ी से छेड़खानी के शक में सोमवार को पीट पीटकर हुई युवक की हत्या के बाद बुधवार को दोपहर उसका शव एंबुलेंस से पैतृक गांव बक्शा थाना क्षेत्र के सद्दोुपुर (डोलपुरवा) पहुंचा तो कोहराम मच गया। शव आने की सूचना पर यहां पहले से ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुटे थे। बेटे का शव देख मां सुनीता अचेत होकर गिर पड़ी। कुछ देर बाद होश आने पर बेटे के शव से लिपटी मां का विलापदेख लोगों की आंखें डबडबा गई।
सद्दोपुर गांव निवासी स्वर्गीय प्रेमचंद गौतम का 20 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार गौतम रोजी रोटी के सिलसिले में अपने जीजा संजय गौतम के पास गुरुग्राम गया था। वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। आरोप है कि वहां एक नाबालिग महिला टेनिस खिलाड़ी से छेड़छाड़ के शक में पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। पिटाई से मृतक के जीजा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका वहीं पर इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक मृतक के जीजा की तहरीर पर आरोपी अकादमी के केयरटेकर के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृत युवक की मां सुनीता के मुताबिक बेटा अनुज अपने जीजा संजय और ठेकेदार चंदन के साथ गुरुग्राम में सोमवार को पैदल ही कहीं जा रहे थे। रास्ते में कार सवार मनबढ़ों ने तीनों को जबरन कार में बैठा कर वहां खेलकूद अकादमी में ले गए जहां तीनों की बेरहमी से पिटाई की। पिटाई से अनुज की मौत हो गई। वहां की पुलिस ने घटना की छानबीन की तो पता चला कि छेड़खानी के शक में तीनों की पिटाई की गई थी। खेलकूद अकादमी में प्रशिक्षण ले रही नाबालिग महिला टेनिस खिलाड़ी ने अपने पिता से फोन पर छेड़खानी की शिकायत की थी। पिता ने घटना की सूचना अकादमी के केयरटेकर को दी तो वह अपना साथियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचा। उधर से गुजर रहे अनुज, उसके जीजा संजय और ठेकेदार चंदन को इस शक में जबरन कार में बैठा लिया कि वे छेड़खानी करने वाले बाइक सवार को पहचानते हैं। इसी शक में अकादमी में ले जाकर तीनों की पिटाई की जिसमें अनुज की मौत हो गई।
....