खेतासराय के जमदहा गांव के खेत में मिला किशोरी का कंकाल और जांच करती पुलिस जुटी भीड़।
प्रेमिका ने का दबाव बनाया तो घर से शादी के बहाने उसे भगाकर ले जाने के बाद प्रेमी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा गांव के एक खेत में फेंक दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बुधवार को खेत से किशोरी का कंकाल बरामद कर लिया।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी रामनेत प्रजापति की पुत्री सुषमा (16) हाईस्कूल की छात्रा थी। वह 09 फ रवरी को परीक्षा देने के बहाने घर से लापता हो गई थी। घर वालों ने काफी खोजबीन के बाद तीन मार्च को अज्ञात लोगों के खिलाफ बहला फुसलाकर भगा ले जाने का केस दर्ज कराया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। पुलिस ने छात्रा की मोबाइल की काल डिटेल निकाल कर जांच पड़ताल शुरू कि तो एक नंबर से उसकी रोज बात होती थी। जिस दिन वह गायब हुई उस दिन भी कई बार बातचीत हुई थी।
इसी के आधार पर पुलिस ने सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी निवासी विनय बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया तो वह टूट गया। उसने बताया कि वह छात्रा से शादी नहीं करना चाहता था, लेकिन वह इसकी जिद पर अड़ी थी।
उसकी जिद की वजह से 09 फरवरी को शादी करने के बहाने बुलाया और दो दिन तक इधर उधर रहने के बाद 11 फरवरी को जमदहा गांव के सुनसान स्थान पर ले गया जहां उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने उसकी निशान देही पर कंकाल, बाल और कपड़े बरामद कर लिया।
फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किया। इंस्पेक्टर शाहगंज मंजय सिंह ने बताया कि शव को गाड़ा नहीं गया था। वैसे ही फेंका गया था। कंकाल देखने के बाद भी गांव वालों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।