बदलापुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में रविवार को दिन में दो बजे के करीब शव का अंतिम संस्कार करने के विवाद में हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। विवाद के दौरान तीन मोटरसाइकलों को भी आग के हवाले कर दिया गया।गांव के इंद्रदेव पाठक की तीन बेटियां ही हैं।
तीनों में भूमि का विवाद चल रहा है। रविवार को उस समय दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष की नौबत आ गई जब इंद्रदेव (95) की मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाने लगा। एक पक्ष ने यह कहा कि मृत्यु से पहले उन्होंने अपनी जमीन में समाधि देने को कहा था जबकि दूसरे पक्ष ने कहा कि उन्होंने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर दाहसंस्कार करने को कहा
था। तीसरी बेटी भी मणिकर्णिका पर दाह संस्कार करवाने के पक्ष में थी। बात बढ़ने पर उनके बीच संघर्ष शुरू हो गया। जमकर मारपीट और आगजनी की गई। इस दौरान वहां खड़ी तीन मोटरसाइकलें भी फूंक दी गईं। मारपीट में मनोज चतुर्वेदी (35) और अनुराधा शुक्ला (37) घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। देर रात तक दाह संस्कार नहीं हो सका था।