जौनपुर। जिले में विभिन्न स्थानों पर अगलगी की घटनाओं में बुधवार को 46 बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। चंदवक के मारिकपुर और चिटको गांव में बुधवार को दोपहर शार्टसर्किट से लगी आग से 20, बदलापुर के बेदौली और जफराबाद थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। खुटहन के भटौली गांव में भी 20 बीघा फसल जल गई।
डोभी क्षेत्र के मारिकपुर और चिटको गांव में खेत में पककर तैयार गेहूं की फसल में शार्टसर्किट से आग लग गई। आग देख लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई बंद कराई। उसके बाद आग बुझाई जा सकी। मारिकपुर गांव के किसान अशोक यादव, सुदर्शन यादव, रमेश यादव, सुरेश यादव, राजेंद्र यादव, कल्पनाथ यादव, कोमल यादव, शोभई यादव, राजेंद्र यादव, लौटन यादव, सोबरन यादव, हृदय यादव, उदित नारायण यादव, रामबली यादव, रामबचन यादव, संजय यादव, जनकधारी यादव और चिटको गांव के गुलाब यादव, कन्हैया यादव, लालजी यादव, फूल चंद यादव, शोभ नाथ यादव, अभय यादव, राम नरेश यादव, राजेश यादव का लगभग बीस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घनश्यामपुर क्षेत्र के बेदौली गांव में शार्टसर्किट से आग लग गई। आद्या प्रसाद मिश्र तथा अमरनाथ की एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उधर जफराबाद थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी राम प्रकाश सिंह के गेहूं की एक बीघा फसल जलकर राख हो गई। खेत के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार में शार्टसर्किट के चलते आग लगी थी। यहां फायर ब्रिगेड की मदद से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
खेतासराय क्षेत्र के खुदौली स्थित वन विहार पार्क में बुधवार की दोपहर पेड़ों और घास में आग लग गई।
मडियाहूं क्षेत्र के नदियांव गांव में स्वामी नाथ दूबे के गेहूं के खेत में आग लग गई। 10 बिस्वा फसल जल गई। सतहरिया रे पंवारा में बुधवार को विद्युत ट्रांसफार्मर की चिंगारी से आग लगने से संतोष श्रीवास्तव सेमरिया तथा राम लक्ष्मण दूबे का लगभग दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल गई। सुरेरी के नगेसरा गांव निवासी बिलगू यादव की गेहूं की फसल जल गई। आग को बुझाने के दौरान गांव के ही सिकंदर गुरु भी झुलस गए। खुटहन क्षेत्र के भटौली गांव में शार्ट सर्किट से लगी आग से लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से बिजली के तार गए हुए हैं जो जर्जर है। किसान प्रेम चंद्र यादव, हवलदार मिश्र, दीनानाथ सिंह, अच्छे लाल वर्मा तथा हरिश्चद्र यादव की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचा तब तक ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा चुका था।