गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के जौनपुर-केराकत मार्ग पर गजना गांव के निकट बुधवार को सुबह बाइक सवार को बचाने में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। कार में सवार एक युवक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार बारात से लौट रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंदवक थाना क्षेत्र के खलिया गांव निवासी मो. अजीज के बेटे की शादी के लिए बारात प्रतापगढ़ गई थी। बुधवार की सुबह बारात से लौटते समय गजना गांव के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। वीडियो ग्राफर खलिया खास गांव निवासी रामकेवल (28), दूल्हे के पिता मो. अजीज (55), चंदवक निवासी राजू (30) और आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के चेवार गांव निवासी सुनील (32) घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने रामकेवल को मृत घोषित कर दिया।