शाहगंज। स्थानीय कस्बे में फैजाबाद मार्ग पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर सोमवार सुबह 11 बजे पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म संचालक से 50 हजार रुपये लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म संचालक के सिर पर तमंचे के बट से हमलाकर उसे घायल कर दिया। घायल को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही सीओ शाहगंज मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
नगर के बैंकर्स कालोनी निवासी कन्हैयालाल पुत्र रामचंद्र की फैजाबाद मार्ग पर स्थित एक निजी चिकित्सालय के पास पोल्ट्री फार्म है। वह सोमवार की सुबह पोल्ट्री फार्म पर बैठे थे। सुबह करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे और तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए कैश बाक्स में रखे पचास हजार रुपये लूट लिया। पोल्ट्री फार्म संचालक कन्हैयालाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे की मुठिया से सिर पर हमला कर कन्हैया को घायल कर दिया। घटना के बाद बदमाश अंबेडकरनगर की ओर भाग निकले। घायल की चीख सुनकर आसपास के लोग जुटे और दुकानदार को निजी चिकित्सालय में भरती कराया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी शाहगंज अवधेश शुक्ल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों ने पूछताछ की। उन्होंने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।