सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज बाजार में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को पिता ने थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
भवानीपुर शेषपुर बैसवारी निवासी नंदलाल यादव का पुत्र आदर्श यादव (8) दोपहर में बाजार में कोचिंग पढ़ने गया था। सड़क पार करते समय एक कैश वैन की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद चालक कैश वाहन को लेकर फरार हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को देर रात आदर्श की मौत हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष सैयद हुसैन मुंतजर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता नंदलाल ने थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिस वाहन से दुर्घटना हुई, उसका नंबर मिल गया है। शीघ्र ही उसे कब्जे में लेकर कार्रवाई की जाएगी।