स्थानीय थाना क्षेत्र के छदान गांव में शनिवार को फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में मौके से पकड़े गए सात लोगों में से पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। अन्य पांच लोगों को पूछताछ के बाद पुलिस ने थाने से छोड़ दिया।
छदान गांव में लोगों से रुपये लेकर फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की सूचना पर शनिवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम मछलीशहर अंजनी कुमार सिंह, चिकित्साधिकारी आरपी विश्वकर्मा ने मौके से सात लोगों को एक कार, लैपटाप, दस आधार कार्ड, दस मोबाइल समेत अन्य कागजातों के साथ पकड़ा था। पुलिस सभी को थाने ले गई। जहां पूछताछ के बाद सीएचसी मछलीशहर के अधीक्षक डॉ आरपी विश्वकर्मा की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी हैदर अली ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला है कि ग्राम प्रधान के घर लगे शिविर में एक कार्ड बनाने के नाम पर 1200 रुपये लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि जयप्रकाश गुप्ता निवासी लखनऊ तथा राजकुमार मौर्य निवासी लखनऊ के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।