जौनपुर। महाराष्ट्र पुलिस भदोही जिले के सुरियावां से गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर पवारा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को गिरफ्तार कर ले गई है। मछलीशहर कोतवाली पुलिस की मदद से की गई कार्रवाई में लूटी गई कार भी बरामद की गई है। इन तीनों पर मुंबई के एक कार चालक की हत्या कर गाड़ी लूटने का आरोप है। हालांकि अभी चालक का शव नहीं मिला है। मामले की तहकीकात के लिए आरोपियों को लेकर रवाना हो गई है।
महाराष्ट्र के सिद्धाराम गावड़े निवासी ठाकुर चाल, ईश्वरनगर दिवा, एरौली, नवी मुंबई ने कल्याण थाने में अपने बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके मुताबिक उसका बेटा अमृतलाल गावडे़ अर्टिका कार सहित गायब है। मामले की जांच महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र से क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच करते हुए भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में छापामार कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें लेकर जौनपुर आई और सादे वर्दी में पवारा थाना क्षेत्र के खरुआगां गांव में 10 अगस्त को छापामारा। लेकिन, गांव के कुछ लोगों ने क्राइम ब्रांच का विरोध करते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने मछलीशहर कोतवाली पुलिस की मदद लेकर पुन: छापा मारा। यहां से एक शख्स को लूटी गई कार के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद कार सहित तीनों आरोपियों को लेकर महाराष्ट्र पुलिस रवाना हो गई। मछलीशहर कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान दुर्व्यवहार करने वाले चार लोगों को पकड़कर पवारा थाने की पुलिस को सौंप दिया गया था। हालांकि महाराष्ट्र पुलिस सुरियांवा से दो लोगों को पहले से पकड़कर लाई थी, और यहां से एक युवक को पकड़ कर ले गई। लूटी हुई कार यहीं से बरामद हुई है। पकड़े गए युवकों ने महाराष्ट्र में एक कार को किराये पर लिया था। रास्ते में चालक की हत्या कर कार लेकर फरार हो गए थे। पुलिस गिरफ्तार कर शव को बरामद करने में जुटी है। वहीं, पवारा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मछलीशहर पुलिस द्वारा सौपे गए चारों आरोपियों का चालान 151 की धारा में कर दिया गया है।