नगर पालिका के वार्ड संख्या 23 के पंचहटिया चौहान बस्ती में नाली की सफाई नहीं होने से गंदा पानी लोगों के घरों तक फैला हुआ है। इससे मोहल्लेवासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज लोगों ने शनिवार को मोहल्ले में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान शीघ्र नाली साफ कराने की मांग की।
वार्ड के मदन चौहान, समुन्दरी देवी, अभय चौहान, माया देवी, इंद्रावती देवी, पुष्पा सुजीत चौहान आदि ने बताया कि कई महीनों से नाली की सफाई नहीं कराई गई हैं। गंदगी से नाली जाम हो गई है। सफाई के नाम पर सिर्फ बार- बार आश्वासन ही दिया जा रहा है। नाली का पानी बाहर बहते हुए घरों में घुसने लगा है। जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका भी जताई। साथ ही अविलंब नाली की सफाई कराने की मांग की।