शाहगंज तहसील अधिवक्ता समिति की बैठक बार सभागार में बृहस्पतिवार को अध्यक्ष राजदेव यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें चुनाव समिति के पदाधिकारियों के चुनाव के साथ ही चुनाव अधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। इसके तहत तीन सितंबर को अधिवक्ता समिति का चुनाव होगा। इसके लिए 20 अगस्त से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के संभावित दावेदारों ने अधिवक्ताओं के संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
तहसील अधिवक्ता समिति का चुनाव काफी प्रतिष्ठापरक माना जाता है। दो वर्ष के लिए समिति के पदाधिकारियों के चुनाव किया जाता है। इस वर्ष 20 व 21 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया की शुरूआत होगी। इसके साथ ही समिति के पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सहमंत्री, कोषाध्यक्ष, आडिटर व चार कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव किया जाना है। इस चुनाव को संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारी अधिवक्ता रामचंद्र यादव, रमेश चंद्र द्विवेदी, लालता प्रसाद यादव, धर्मेंद्र यादव, दुर्गा प्रसाद, मोहम्मद आसिफ को बनाया गया है। इनकी देखरेख में चुनाव के लिए 20 और 21 अगस्त को नामांकन, 23 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच, 24 को नाम वापसी की तिथि तय की गई है। इसके अलावा 3 सितंबर को मतदान कराया जाना है। जिसका परिणाम मतदान के बाद घोषित किया जाएगा।