दिल्ली से कमाकर शाहगंज लौटे युवक को भाई के साथ घर जाते समय तीन बाइक पर सवार छह की संख्या में बदमाशों ने असलहा के बल पर आतंकित कर 15 हजार रुपये लूट लिया। विरोध करने पर दोनों की पिटाई कर लुटेरे फरार हो गए।
खुटहन थाना क्षेत्र के बनुआडीह गांव निवासी अनंतेश्वर उर्फ मनीष पुत्र बाबू बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली से कमाकर शाहगंज पहुंचे थे। यहां खरीदारी आदि करने के बाद अपने भाई अमित के साथ बाइक से घर के लिए निकले थे। निजामपुर गांव के समीप पहुंचे, इसी बीच तीन बाइक पर सवार छह की संख्या में बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और असलहे से आतंकित कर जेब में रखे रुपये निकालने लगे। विरोध करने पर अमित कुमार को बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। इससे उनका बांया हाथ टूट गया। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद खेतासराय की ओर भाग निकले। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए राजकीय पुरुष अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। कहा कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। घटना का पता कराया जाएगा।