जालौन। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत पानी की टंकी का निर्माण व पाइप लाइन बिछाने का कार्य समयावधि में पूरा करें। इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात नमामि गंगे परियोजना के विशेष सचिव अच्छेलाल यादव ने अकोढ़ी दुबे में परियोजना के निरीक्षण के दौरान अधीनस्थों को दिए।
हर घर स्वच्छ जल अभियान के तहत विकास खंड के 53 गांवों में पानी की टंकी एवं पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसमें कुछ गांवों में कार्य शुरू हो चुका है। जबकि कुछ गांवों में मिट्टी की परीक्षण रिपोर्ट आना बाकी है। नमामि गंगे परियोजना के विशेष सचिव अच्छेलाल यादव रविवार को नमामि गंगे परियोजना के निरीक्षण के लिए ग्राम अकोढ़ी दुबे पहुंचे। उन्होंने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता को देखा। उन्होंने बोरिंग को चलवाकर पानी को देखा। साथ ही गुणवत्ता को भी परखा। विशेष सचिव ने परियोजना के अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधान कौशलेंद्र शरण दुबे, भगवती शरण शर्मा, चंद्रशेखर पाल, पुनीत दुबे, रामकुमार बाथम, नवनीत दुबे, सियारानी, साधना दुबे, रीना पटेल, उषा, मीरा बाथम आदि मौजूद रहे।
----------
सीसी और इंटरलॉकिग की टूटफूट निर्माण एजेंसी ही ठीक करेंगी
माधौगढ़। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जूनियर हाईस्कूल कुरसेड़ा के परिसर पर विशेष सचिव नमामि गंगे अच्छेलाल यादव की अध्यक्षता में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों को दो माह के अंदर घर घर पानी देने की बात कही गई। जागरूकता कार्यक्रम में विशेष सचिव ने कहा कि गांवों में पेयजल योजना के तहत डाली जा रही लाइन से सीसी, इंटरलॉक टूट गया है। जिसे निर्माण एजेंसी ही ठीक करेंगी। सरकार की मंशा है कि लोगों को स्वच्छ पानी मिले। इसी के तहत गांव गांव ट्यूबवेल व टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। एडीएम नमामि गंगे प्रतिपाल सिंह ने कहा कि कुरसेड़ा में लगभग दो करोड़ की लागत से 36 लाख लीटर क्षमता की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें साढ़े आठ किमी लाइन डालकर 600 परिवारों को पानी मुहैया कराया जाएगा। बीडीओ दीपक कुमार यादव ने कहा कि पानी के लिए डाली जा रही लाइन से जो टूट फूट हो रही है, उसकी निर्माण कंपनी द्वारा मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि प्रोजेक्ट कंपनी का सहयोग करे ताकि काम अच्छा हो। इसी तरह महाराणा प्रताप जूनियर हाईस्कूल चितौरा में जागरुकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान शिवसागर अवस्थी, राहुल सिंह, प्रमोद मिश्रा, विजय कुशवाहा, समरजीत, आनंद सेंगर आदि मौजूद रहे। (संवाद)