उरई (जालौन)। जिले में नई बीमारी फैली है। यह बीमारी स्क्रब टाइफस है जो चूहों से फैलती है। इसमें तेज बुखार आता है। ऐसे जिले में तीन मरीज आए है। संभावना जताई जा रही है कि वह स्क्रब टाइफस के मरीज है। हालांकि उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि इस बीमारी में बुखार लीवर, फेफड़ों पर संक्रमण करता है। इसमें भी डेंगू की तरह प्लेटलेट्स घटती है।
जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन जगह स्क्रब टाइफस जैसी बीमारी के मरीज मिले है। जिसमें एक कोंच ब्लाक के असूपुरा गांव में तीन साल की मासूम है। तो दूसरा डकोर ब्लाक के औता गांव का युवक (26) है। तीसरा मरीज कुठौंद (55) का अधेड़ है। तीनों मरीज मेडिकल कालेज झांसी में भर्ती है। तीनों मरीजों की जांच चल रही है। उधर, स्वास्थ्य विभाग नई बीमारी को लेकर सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ जीएस स्वर्णकार का कहना है कि फिलहाल तीनों मरीजों का झांसी मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। सभी स्वस्थ है। सीएमओ डॉ एनडी शर्मा का कहना है कि यह चूहों से फैलने वाली बीमारी है। इसके लिए कृषि विभाग व पंचायती राज विभाग को चूहों की रोकथाम के लिए अभियान चलाने को पत्राचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीमारी को लेकर ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है। समय से इलाज कराए। बुखार आने पर लापरवाही न बरते। समय से किसी प्रशिक्षित डॉक्टर या सरकारी अस्पताल में जांच कराकर इलाज कराए। समय से इलाज होने पर यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है, क्योंकि इसकी एंटीबायोटिक दवाएं उपलब्ध है। हालांकि जो मरीज मिले है, उनकी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वे स्क्रब टाइफस के मरीज हो सकते हैं।
-------------------
स्क्रब टाइफस के लक्षण
------------------
-इसमें मरीज को 102 से 104 डिग्री तक बुखार आता है।
-सिरदर्द, खांसी, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी महसूस होती है।
-इस बीमारी में व्यक्ति के शरीर में कीड़े काटने के निशान दिखाई देते हैं।
-----------------
डेंगू, कोरोना का कोई नया केस नहीं
उरई। जिले में रविवार को डेंगू और कोरोना का नया मरीज नहीं निकला है। जिले में कुल 19 मरीज है। इसी तरह कोरोना का भी सिर्फ एक एक्टिव केस बचा है। सीएमओ के मुताबिक, अब तक कोरोना जांच के लिए 815042 सैंपल लिए जा चुके हैं। रविवार को भी 429 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक 11567 कोरोना के केस निकले है। जिसमें 11365 ठीक हो चुके हैं। 201 मरीजों की मौत हो चुकी है। (संवाद)