कोंच। एसपी रवि कुमार ने एट थाना का मुआयना करने के बाद थाना पुलिस को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पडने वाले गांवों की सुरक्षा पुलिस कर्मियों के कंधों पर है। इसके साथ-साथ थाने में आने वाले सभी फरियादियों के साथ थाना प्रभारी अच्छा व्यवहार करें। क्षेत्र में अवैध धंधे संचालित करने वालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने थाने का निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भी संवाद किया।
एसपी ने मंगलवार को एट थाने का निरीक्षण कर मालखाना, कंप्यूटर रूम, अभिलेख, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, भोजनालय के साथ थाना परिसर का निरीक्षण कर सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधीनस्थों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि अपने अपने क्षेत्र के अपराधियों की सूची बनाकर उन पर कार्रवाई करें। ग्रामीणों के साथ बैठकर वार्ता करें जिससे गांव स्तर पर होने वाले छोटे-छोटे विवाद गांव स्तर पर ही निपटाए जा सकें। बीट कांस्टेबलों के साथ चौकीदारों को भी निर्देश देकर कहा कि वह गांव की हर छोटी.बड़ी गतिविधियों पर ध्यान रखें, गांव में आने वाले संदिग्धों पर नजर रखें। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबलों से बातचीत की। कहा कि आने वाली महिलाओं की बात गंभीरता से सुनकर प्रभारी को अवगत कराएं। एसपी न ग्रामीणों से कहा कि किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या हो तो उन्हें व्यक्तिगत तौर पर फोन पर बता सकते हैं ताकि समय रहते निस्तारण किया जा सके। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विनय दिवाकर, योगेंद्र सिंह, संजय पाल, राजेश यादव, महेश तिवारी, प्रिंस पटेल, डिंपल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।