रामपुरा। खेतों की बुआई के लिए खाद की मारामारी शुरू हो गई है। रामपुरा क्षेत्र के किसान डीएपी के लिए घंटों लाइन में लगे रहने के बाद जब किसानों को खाद नहीं मिली तो हंगामा कर दिया। खाद बांट रहे कर्मचारी ने बताया कि मशीन में खराबी आ गई है। जिसे ठीक कराने के बाद खाद का वितरण किया जाएगा। सोसाइटी पर खाद लेने के लिए दिनभर लाइन में लगे रहने के बाद किसान खाली हाथ लौट रहे हैं। इस कारण उनका गुस्सा सातवें आसमान पर रहा।
रबी की फसलों लाही, मटर, पीली सरसों आदि की बुआई शुरू हो गई हैं। जिसकी बुआई के लिए किसान खाद के लिए सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। शनिवार को रामपुरा सोसाइटी पर खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ एकत्रित हो गई। दो घंटे खाद बांटने के बाद सोसाइटी पर खाद बंटना बंद हो गई। इस पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। पचोखरा के रामशंकर, भैलावली के राजसिंह, राजवीर, कमलेश, आशु आदि लोगों ने बताया कि खाद सेंटरों का हर साल का यही आलम हैं। गोदाम में खाद रखी होने के बावजूद किसानों से कह दिया जाता है कि खाद खत्म हो गई। बाद में खाद की कालाबाजारी की जाती हैं। क्षेत्र बड़ा होने के कारण खाद की खपत भी अधिक होती हैं। खाद वितरण कर रहे समिति के कर्मचारी रामसेवक ने बताया कि बताया कि मशीन का चार्जर खराब होने के कारण मशीन बंद हो गई हैं। जिसके कारण किसानों को खाद बांटने में असुविधा हो रही हैं। मशीन को सही कराने के लिए जा रहे हैं। मशीन सही होने के बाद खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।