उरई/मुहम्मदाबाद (जालौन)। जिले में मंगलवार को दो नए डेंगू के केस आए है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इसमें एक युवक मोहल्ला पटेलनगर का निवासी है तो दूसरी महिला इंदिरानगर की है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इंदिरानगर में जो महिला डेंगू पीड़ित मिली है। वह मूलरूप से हमीरपुर जनपद की निवासी है। लिहाजा इस मरीज के बारे में हमीरपुर जनपद के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
महामारी विशेषज्ञ महेंद्र कुमार का कहना है कि जिले में कुल मरीजों की संख्या 15 हो गई है। जिसमें एक मरीज की मौत भी हो चुकी है। मलेरिया निरीक्षक सुरेश नागर ने बताया कि जहां केस मिले है, वहां निरोधात्मक कार्रवाई कर दी गई है। मुहम्मदाबाद संवाद के अनुसार झांसी मंडल की अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ अल्पना बरतारिया ने ब्लाक डकोर के कुकरगांव में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। ग्रामीणों से कोविड के टीके, डेंगू, मलेरिया एवं बुखार आदि रोगों से ग्रसित मरीजों की जानकारी ली। कुकरगांव में मंगलवार को झांसी मंडल की अपर निदेशक स्वास्थ्य ने घर- घर जाकर ग्रामीणों से बात की। उन्होंने टीकाकरण और बीमारियों पर चर्चा की। उन्होंने पीएचसी डकोर के प्रभारी चिकित्साधिकारी इदरीश मुहम्मद से भी पूछताछ की। ग्रामीणों से भी स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में गहन जानकारी ली।