कदौरा। ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। ऐसे में लोगों ने भी सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। ऐसे में अब पल्स ऑक्सीमीटर की मांग बढ़ने लगी है। जरूरत को देखते हुए मेडिकल स्टोर संचालक पल्स ऑक्सीमीटर के पुराने स्टॉक को खपाने में लग गए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मेडिकल स्टोर पर ग्राहकों द्वारा मास्क, पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और उपकरणों की ज्यादा मांग थी। ऐसे में कस्बे के अंदर इन चीजों की कालाबाजारी तक होने लगी और महंगे दामों में लोगोे ने इसकी खरीद की। पर कोरोना की दूसरी लहर शांत होने के बाद इन चीजों की बिक्री कम हो गई। अब कोरोना के नए वैरिएंट के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं लोगों ने दोबारा से मास्क, सैनिटाइजर समेत पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर की खरीद शुरू कर दी है।
फिर बढ़ी पल्स ऑक्सीमीटर की मांग
सांई मेडिकल स्टोर के संचालक कुलदीप प्रणामी कहते हैं कि लोगों की ओर से पहले पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर की मांग नहीं की जा रही थी। पर अब लोग पल्स ऑक्सीमीटर की मांग कर रहे हैं।
मेडिकल स्टोर के संचालक योगेश गुप्ता कहते हैं कि बीच में तो लोगों ने मास्क तक लेना छोड़ दिया था। अब लोगों ने मास्क की खरीदारी भी शुरू कर दी है। साथ ही ऑक्सीमीटर की मांग करने लगे हैं।