उरई। कालपी प्रीमियर लीग (केपीएल) डे नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का इंतजार अब समाप्त हो रहा है। सोमवार को भव्य समारोह में केपीएल का विधिवत शुभारंभ होगा। पहला मैच दूधिया रोशनी में मैत्री मैच के रूप में खेला जाएगा। स्टेडियम में कोई कमी न रह जाए इसके लिए आयोजन समिति ने उद्घाटन सत्र की तैयारियों से लेकर पिच और ग्राउंड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। देर रात तक कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे रहे।
बता दे कि कालपी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट गोविंद नारायण तिवारी स्टेडियम आटा में आयोजित है। इसमें कालपी क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में अच्छा खासा जोश है। रविवार शाम केपीएल के आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित ने मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जाएजा लिया।
इस दौरान उन्होंनें बताया कि टूर्नामेंट की सभी तैयारिया पूर्ण कर ली गई है। ग्राउंड पर देर रात से दूधिया रोशनी के लिए पोल लगाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा, जो टेस्टिंग के साथ सुबह पूर्ण हो जाएगा। केपीएल आपसी सौहार्द के बीच खेला जाएगा। इसका संदेश देने को विभिन्न धर्मों के 11 धर्मगुरु लाइट का बटन दबाकर मैच का शुभारंभ करेंगे।
मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री ऊंचाहार से विधायक डा. मनोज कुमार पांडे और पार्टी के प्रवक्ता एवं एमएलसी सुनील सिंह साजन समेत गणमान्य नागरिकों की मौजूदग रहेंगे, जो खिलाडिय़ों का उत्साह वर्धन करेंगे। उदघाटन सत्र के लिए मंच तैयार किया गया। कमेंट्री बॉक्स से लेकर खिलाड़ियों के लिए पवेलियन तैयार किया गया। स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। चारो ओर होर्डिंग बैनर लगाए गए।