उरई। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रविवार को कोरोना के इस साल के सर्वाधिक 30 मरीज आए है। इससे हड़कंप मच गया है। अब सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। अब तक कोरोना के 11668 केस आ चुके हैं। इसमें 11379 ठीक हो चुके है। 201 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 88 एक्टिव केस है।
कोरोना की तीसरी लहर में सर्वाधिक 30 मामले रविवार को मिले। इसके बावजूद लोग लापरवाही कर हैं। दो गज की दूरी पालन नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को 584 लोगों की एंटीजन जांच की गई। जिसमें सभी रिपोर्ट निगेटिव आईं। ट्रूनेट की 19 जांचों में एक पॉजिटिव और 18 की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि आरटीपीसीआर की 1252 जांचों में 29 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर, शाम को 517 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जिले में कोरोना मरीजों के लिए एल वन हास्पिटल में 180 बेड और एल टू हॉस्पिटल में 300 बेड आरक्षित किए गए है। हालांकि सभी मरीज होम आइसोलेशन में है। कोविड अस्पताल में सभी बेड खाली पड़े हुए हैं। मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। सीएमओ ने लोगों से कोरोना को लेकर लापरवाही न बरते और कोरोना नियमों के पालन करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना जरूरी है।