जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय सीट से पांचवीं बार सांसद चुने गए भानु प्रताप वर्मा को केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाया गया है। मंत्रिमंडल में शामिल होने पर पूरे जनपद में खुशी की लहर व्याप्त है।
लोगों को विश्वास है कि भानु बुंदेलखंड से अकेले मंत्री हैं। इस कारण जनपद जालौन को ही नहीं पूरे क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। पालिका सभासद से केंद्रीय मंत्रिमंडल तक के सफर को तय करने वाले भानु की छवि साफ सुथरी है।
भानु के राजनैतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1988 से हुई थी। जब उन्होंने पहली बार जनता के बीच जाकर कोंच नगर पालिका से सभासद का चुनाव लड़ा था। कोंच के ही मालवीय नगर वार्ड से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी सभासद का चुनाव जीता था।
इसके बाद बुंदेलखंड में भाजपा के कद्दावर नेता रहे व सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री दादा बाबूराम एमकॉम की नजर इन पर पड़ी। उन्होंने भानु को वर्ष 1990 में कोंच विधानसभा सुरक्षित सीट से भाजपा का उम्मीदवार बना दिया।