उरई। रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन को लेकर आम सहमति न बन पाने के कारण चयन प्रक्रिया 8 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई। उपाध्यक्ष व सीएमओ डॉ एनडी शर्मा ने कहा कि पहले आम सहमति बना ली जाए। ताकि अन्य पदाधिकारियों का चयन किया जा सके।
बता दें कि रेडक्रास सोसाइटी में कुल 1241 सदस्य है। इन सदस्यों के 26 सदस्यीय प्रबंध समिति का चुना गया। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को हुई प्रबंध समिति की बैठक में 26 सदस्यों में 24 सदस्यों ने प्रतिभाग किया। चेयरमैन के लिए आवेदन मांगे गए। तब डॉ नरेश वर्मा, डॉ सीपी गुप्ता व डॉ ममता स्वर्णकार ने आवेदन किए। इस पर रेडक्रास के उपाध्यक्ष व सीएमओ डॉ एनडी शर्मा, रेडक्रास के शासकीय सचिव डॉ सुग्रीवबाबू ने कहा कि चेयरमैन पद पर आम सहमति बना ली जाए। पर चेयरमैन पद के सभी दावेदारों और उनके समर्थकों के अपने-अपने तर्क थे। कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था। जब आम सहमति नहीं बनी तो सीएमओ ने कहा कि प्रबंध समिति की बैठक 7 नवंबर तक के लिए स्थगित की जाती है। 8 नवंबर को आम सहमति बनाकर चुनाव कराया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो डीएम के निर्देशानुसार वोटिंग प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि चेयरमैन के चुनाव के बाद उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष का भी चुनाव होगा। इस दौरान युद्धवीर कंथरिया, लक्ष्मणदास बाबानी, अभय द्विवेदी, गरिमा पाठक, शशि सोमेंद्र सिंह, पूजा सेंगर, महेंद्र भाटिया, रामशरण जाटव आदि मौजूद रहे।