उरई। राप्तीसागर एक्सप्रेस में गुरुवार को निवासी हुमायूंपुर गोरखपुर निवासी रामनरेश गुप्ता (75) की मृत्यु हो गई। वह भोपाल से गोरखपुर जा रहे थे। सूचना पर उरई स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ ने शव को उतारा। इस कारण ट्रेन 45 मिनट खड़ी रही।
गुरुवार को राप्तीसागर एक्सप्रेस के एसी कोच बी वन भोपाल से गोरखपुर जा रहे थे। उनके साथ पत्नी लक्ष्मी देवी भी थी। लक्ष्मी ने बताया कि जब ट्रेन झांसी से कानपुर के लिए रवाना हुई तब वह बाथरूम से लौट रहे थे। तभी गैलरी में उन्हें चक्कर आ गया और गिर गए। इसकी सूचना उन्होंने कोच कंडक्टर (टीटी) एमके विश्वकर्मा को दी। टीटी ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी पर तब तक उरई स्टेशन आ चुका था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी, आरपीएफ व डॉक्टर की टीम प्लेटफार्म पहुंची और उसे उतारा। डॉक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके चलते ट्रेन सुबह 6.23 से 7.09 बजे तक खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे ने बताया कि रेल कर्मचारियों के सहयोग से शव को उतारा गया और ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया।