चोरी के बाद जले सामान को साफ करती महिला।
- फोटो : amar ujala
आटा थाना क्षेत्र के उकासा निवासी संजय पुत्र रामसनेही ने पुलिस को तहरीर दी कि वह घर में परचून की दुकान किए है। शनिवार रात वह खेत में कटाई करने गया था। तभी रात में चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर दस हजार रुपये व दुकान का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद जाते समय चोरों ने दुकान में आग भी लगा दी। रविवार की सुबह जब वह खेत से घर लौटा तो दुकान में चोरी व आग लगी देखकर पुलिस को सूचना दी। संकट मोचन चौकी इंचार्ज रामप्रताप का कहना है तहरीर मिल गई है, चोरों का पता लगाया जा रहा है।
बंद घर से एक लाख का माल पार
कदौरा (जालौन)। बंद घर का ताला तोड़कर चोर नगदी समेत एक लाख का सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसियों ने उसके घर का ताला टूटा देखकर सूचना दी। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम परौसा निवासी खुन्नीलाल पुत्र मैकू ने पुलिस को तहरीर दी कि शनिवार को वह परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गया था। तभी रात में किसी समय चोरों ने घर का ताला तोड़कर गृहस्थी का सामान और 20 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना उसे दी। खुन्नीलाल ने बताया कि चोर 20 हजार रुपये समेत एक लाख का सामान चोरी कर ले गए। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।