पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते एएसपी।
- फोटो : amar ujala
एएसपी ने बताया कि 9 फरवरी को सिरसा कलार थाना क्षेत्र में यमुना नदी पर बने पाल सरैनी पीपा पुल के नीचे एक युवक का शव बोरे में बंद मिला था। पुलिस की मशक्कत पर शव की शिनाख्त राजवीर सिंह (28) पुत्र वीर सिंह निवासी ग्राम नूरपुर थाना चुर्खी के रूप में हुई थी। एएसपी ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल की थी। साथ ही सीओ जालौन के नेतृत्व में टीम गठित कर जल्द से जल्द खुलासा के निर्देश दिए थे। सिरसा कलार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया। इसके अलावा पुलिस के पैरोें तले जमीन तब खिसक गई जब पता चला कि राजवीर के साथ उसकी प्रेमिका निशा पत्नी माधौ सिंह निवासी रूरा अड्ड की भी हत्या की गई है।
पुलिस ने उसके शव की तलाश शुरू की। लेकिन शव नहीं मिला, जिससे अंदाजा लगाया गया कि उसका शव नाव से बीच नदी में फेंका गया है। पुलिस दो दिन से नदी में जाल डलवाकर शव की तलाश करा रही थी, लेकिन शव बरामद नहीं हुआ। उधर, पुलिस जांच में हत्या में प्रेमिका के घरवालों का हाथ सामने आया, जिनमें निशा के पिता लल्लू बेटा उर्फ प्रताप सिंह पुत्र मोहर सिंह, भाई राजू सिंह, आनंद सिंह व पूरन सिंह निवासी ग्राम हसनपुर थाना कुठौंद के अलावा उसकी मामी जगवती पत्नी स्व. पल्लू निवासी ग्राम सरैनी थाना सिरसा कलार शामिल पाए गए। पुलिस ने मंगलवार को सिमारा चौराहे से निशा के भाई पूरन सिंह व मामी जगवती को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ने बताया कि आरोपी पूरन व जगवती ने पूछताछ में बताया कि राजवीर के गुजरात में साथ में काम करने वाले साथी माधौ सिंह की पत्नी निशा से प्रेम प्रसंग हो गए थे।
निशा ने अपने पति को छोड़ दिया और मायके आकर रहने लगी, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। निशा के घर वाले विरोध करते थे। 6 फरवरी को निशा अपनी मामी जगवती के घर सरैनी गांव गई तो 7 फरवरी को राजवीर भी पहुंच गया। 8 फरवरी को जगवती ने साजिश के तहत निशा के पिता व भाइयों को बुला लिया और रात में सोते समय राजवीर व निशा की रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शव अलग-अलग बोरे में भरकर सरैनी गांव के यमुना नदी के पीपा पुल पर पहुंचे। यहां राजवीर के शव को तो नदी के किनारे ही फेंक दिया, जबकि निशा के शव को नाव से नदी के बीच धार में जाकर पानी में फेंक दिया। निशा के शव की तलाश की जा रही है। इनके अलावा अभी तीन आरोपी निशा का पिता लल्लू बेटा उर्फ प्रताप व दो भाई राजू सिंह व आनंद सिंह फरार चल रहे है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी भाई व मामी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में सिरसा कलार थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन, एसआई वीरेंद्र सिंह, अरुण कुमार तिवारी, स्वाट व सर्विलांस टीम प्रभारी मतीन खान, सिपाही मलखान, केंद्रपाल, राजीव कुमार, महिला सिपाही नीतू सिंह आदि शामिल रहे।