फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोता रहा परिवार, लाखों का माल चोरी

Fri, 15 Jun 2018 12:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे जालाैन
विज्ञापन
अलमारी से चोरों के फिंगरप्रिंट लेती फारेंसिक टीम। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मगरायां निवासी शिवकुमार द्विवेदी पुत्र संतराम द्विवेदी का परिवार बुधवार की देर शाम खाना खाने के बाद सोने चला गया। घर के कुछ लोग छत पर जाकर सो गए तो कुछ एक कमरे में सो गए। देर रात चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। चोर घर की दीवार फांद कर अंदर पहुंचे। चोरों ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जिसमें घर के सदस्य सो रहे थे। इसके बाद एक दूसरे कमरे में जाकर वहां रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें से जेवरात व नगदी पार कर दी। चोर घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर भाग निकले।

विज्ञापन


सुबह जब घरवाले की आंख खुली तो आंगन में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने कमरे के दरवाजे की कुंडी खोली और नीचे सो रहे सदस्यों से पूछा तो उन्होंने कुछ भी पता होने से इंकार किया। कमरे में खुली अलमारी और सामान बिखरा मिला। अलमारी से जेवरात व नगदी गायब थे। गृहस्वामी शिवकुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। यूपी 100 पुलिस ने जायजा लिया।

शिवकुमार ने बताया कि चोर अलमारी में रखे एक लाख 30 हजार रुपये नगद व सोने के दो हार, सोने की तीन अंगूठी, सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ी, एक जोड़ी झुमकी, गले की चेन, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक कमरबंद, एक जोड़ी पैरपोस, एक जोड़ी हाथफूल, छह जोड़ी बिछिया व चांदी के 16 सिक्के ले गए है। उन्होंने पूरे जेवरात की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।  
विज्ञापन


बंद घर से पांच लाख का सामान चोरी  
उरई। मोहल्ला रामनगर में चोरों ने एक बंद घर से लाखों का माल पार कर दिया। गृहस्वामी अपने बेटे से मिलने गैर प्रांत गया हुआ था। चार दरवाजों का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमार से करीब पांच लाख का जेवर व कुछ नगदी ले गए। सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर पीड़ित ने फोन से पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गृहस्वामी के बेटे की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी विजय सिंह निरंजन एक सप्ताह पूर्व पत्नी के साथ अपने छोटे बेटे कुलदीप से मिलने लुधियाना गए हुए थे, जोकि वहां पर नौकरी करता है। एक सप्ताह से बंद पड़े घर को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। बुधवार की रात चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

वहां एक कमरे का ताला तोड़ा और फिर उसमें रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें से जेवर व नगदी ले गए। सुबह जब पड़ोसियों ने घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना विजय सिंह को दी। विजय ने अपने बड़े बेटे शिवराज सिंह, जोकि कानपुर में थे, उन्हें घर पहुंचने के लिए कहा। उसने घर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी। जिसमें से पूरा जेवर व नगदी नदारत थे। विजय ने फोन कर पुलिस को चोरी की सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौके का मुआयना किया। विजय ने फोन पर बात करते हुए बताया कि अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नगद, एक मंगलसूत्र, दो अंगूठी, दो हार, चार सोने की चूड़ी, दो कंगन, एक जंजीर, चार जोड़ी पायल, 20 चांदी के सिक्के, दो जोड़ी कान के बाला, हाय व 50 ग्राम वजन के दो चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। इस जेवरात की कीमत उन्होंने करीब पांच लाख रुपये बताई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें