अपराधियों की तलाश कर उरई लौट रही जिले की स्वाट टीम का टोल कर्मियों से
पैसे को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी की दोनों पक्षों में मारपीट हो
गई। इस दौरान स्वाट टीम ने असलहे लहराए और एक कर्मी के सिर में पेंचकस
घुसेड़ दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर आटा थानाध्यक्ष
मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने ले
गए। घायल टोल कर्मी
को जिला अस्पातल में भर्ती कराया जहां से डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज
झांसी रेफर कर दिया। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मामले में देर
शाम एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। शनिवार को देर रात स्वाट
टीम कदौरा थाना क्षेत्र में हुई गोकशी के आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश
देकर उरई लौट रही थी। टीम की गाड़ी
टोल पर पहुंची तो यहां तैनात नीरज यादव
निवासी निपनियां थाना सिरसाकलार ने टैक्स मांगा। इस पर सिपाही रवि ने पुलिस
की गाड़ी होना बताया। चूंकि टीम सिविल कपड़ों में थी इसलिए टोल कर्मी ने
पैसे दिए बगैर नहीं निकलने दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट
हो गई। आरोप है कि स्वाट टीम के सिपाही रवि ने टोल कर्मी नीरज के सिर में
पेंचकस घुसेड़
दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर आटा
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाई। यहां से स्वाट टीम
को जाने दिया और घायल टोल कर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से
डाक्टर ने उसे मेडिकल
कालेज झांसी रेफर कर दिया। इस बारे में जब स्वाट टीम
प्रभारी अनुराग चौधरी से बात करना चाही तो उनका मोबाइल स्विच आफ मिला। इस
संबंध में एएसपी शकील अहमद का कहना है कि वह मामले की जांच करवाकर कार्रवाई
करेंगे। उधर देर शाम एसपी एन. कोलांचि ने कार्रवाई करते हुए सिपाही रवि को
निलंबित कर दिया है।