उरई। सिरसाकलार थाने के निपनिया में एक युवक ने शराब पीकर मोहल्ले में हंगामा किया। पिता ने रोका तो उन्हें लाठी से पीटा। बीच बचाव में आए दो ग्रामीणों को भी घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को भी लाठी लेकर दौड़ा लिया और पुलिस की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। थानाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह का कहना है युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है।
सिरसा कलार के गांव निपनियां निवासी जय सिंह (43) पुत्र भैरव सिंह ने गुरुवार सुबह तकरीबन आठ बजे पहले जमकर शराब पीकर हंगामा किया। पिता ने रोकना चाहा तो उन्हें लाठी से पीटने लगा। बीच बचाव करने पहुंचे पड़ोसी अयोध्या प्रसाद व एक अन्य को भी लाठी मार दी। जिससे अयोध्या के हाथ में फैक्चर हो गया। इस पर गांव वालों ने यूपी 100 को फोन कर दिया।
मौके पर पहुंची न्यामतपुर चौकी की पुलिस ने जयसिंह को पकड़ने की कोशिश की तो उसने सिपाही रामलखन को भी लाठी लेकर दौड़ा लिया। जिससे सिपाही बचकर भागा तो उसकी बाइक लाठी मारकर क्षतिग्रस्त कर दी। सिपाही रामलखन ने सिरसा थाने के प्रभारी जितेंद्र यादव को पूरी घटना की सूचना दी तो वो मौके पर पहुंचे और जय सिंह को पकड़ने की कोशिश की तो वह खेतों की ओर भाग निकला । थानाध्यक्ष ने बताया कि जयसिंह की मानसिक स्थिति सहीं नहीं है। जिससे उसको हम पकड़ नहीं सकते। उन्होंने इस घटना में घायल हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।