उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के झांसी रोड स्थित रिनियां फाटक के पास चलते ट्रक में आग लग गई। ट्रक को धू-धू कर जलता देख चालक व परिचालक ने कूदकर जान बचाई। फायर बिग्रेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
रिनियां फाटक के पास गुरुवार की देर रात एक ट्रक गुजर रहा था। उसी दौरान शार्ट सर्किट से चलते ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे ट्रक को चपेट में ले लिया। यह देख चालक व परिचालक में खलबली मच गई। दोनों ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान वाहनों का आवागमन थमा रहा है। आग बुझने के बाद पुलिस ने वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। झांसी निवासी ट्रक चालक मनोज ने बताया कि वह झांसी जा रहा था।