कोच में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद को पगड़ी पहनाते विज्ञान विशारद सिरोठिया
- फोटो : ORAI
कोंच। मथुरा प्रसाद डिग्री कालेज में देर शाम प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने बिना किसी दल का नाम लिए सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों पर ही निशाना साधा। कहा कि देश में सिर्फ भाजपा ही राष्ट्रीय दल बचा है। बाकी दल क्षेत्रीय हैं। जो किसी व्यक्ति विशेष के ही इर्द गिर्द घूमते रहते हैं। ऐसे दल देश व प्रदेश का भला नहीं कर सकते हैं। कहा कि राजा-महाराजाओं के जमाने लद गए। अब देश व प्रदेश में जनता का ही शासन चल रहा है।
अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद (जिला इकाई) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनहित का कोई भी कार्य बिना जनता के सहयोग से नहीं हो सकता है। कोई योजना तभी अमल में आएगी जब जन सहयोग मिलेगा। वर्ना सरकार के मंत्री योजनाओं पर दस्तखत करते रहेंगे और लाभ किसी को नहीं मिलेगा। भाजपा की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पार्टी का कोई नेता, मंत्री निरंकुश नहीं है। सभी नियम के तहत ही काम कर रहे हैं। भाजपा सरकार में यह परिवर्तन आया है। पीएम और सीएम ने आपदा को भी अवसर में बदलकर दिखाया है। पीएम की एक आवाज पर देश उनके साथ खड़ा नजर आता है। यही वजह रही कि उन्होंने भी पार्टी की सदस्यता लेने का निर्णय लिया। परिषद की ओर से पूर्व पालिका चेयरपर्सन विज्ञान विशारद ने कैबिनेट मंत्री को मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, महेश तिवारी, केदारनाथ निरंजन, सुनील लोहिया, अर्चना सोनी, ओपी कुशवाहा, साकेत शांडिल्य, गंगाचरण बाजपेई, रविकांत कुशवाह आदि मौजूद रहे।