कोंच। कोंच में नवरात्र पर प्रतिष्ठापित होने वाली चार दर्जन दुर्गा प्रतिमाओं की रविवार को सामूहिक शोभायात्रा निकाली गई और देर शाम धनुताल में नम आंखों से उनका विसर्जन कर दिया गया। शोभायात्रा से पहले मैया की झांकियां अपने अपने इलाकों में द्वार द्वार पहुंचीं जहां उनकी आरती उतारी गई और टीका कर पूजा- अर्चना की गई। घरों के बाहर बच्चियों ने मैया के स्वागत में रंगोलियां सजाईं थीं। बैंड बाजों और ढोल की धुनों पर युवा खूब थिरके।
दशहरा और मूर्ति विसर्जन स्थल एक ही जगह धनुताल होने के कारण यहां देवी प्रतिमाओं का विसर्जन दशहरा के दूसरे दिन किए जाने की परंपरा के तहत रविवार को जागरण मंचों से मैया की प्रतिमाओं को रथों में सवार कराकर उनकी नित्य आरती उतारी गई, इसके बाद मोहल्लों में उनका भ्रमण कराया गया जहां द्वारे द्वारे उनकी आरती उतारी गई और तिलक किए गए। करीब ग्यारह बजे से सभी प्रतिमाओं ने सामूहिक शोभायात्रा के लिए जुटना शुरू कर दिया। चंदकुआं की मां सिंह वाहिनी के नेतृत्व में पुरानी स्टेट बैंक से प्रशासन द्वारा आवंटित क्रमानुसार प्रतिमाओं ने अपना स्थान ग्रहण किया। सामूहिक शोभायात्रा में चार दर्जन प्रतिमाओं ने शामिल होकर जुलूस की लंबाई तकरीबन दो किमी कर दी थी, जुलूस में हजारों की भीड़ शामिल रही। डीजे पर युवा जमकर थिरके। जयप्रकाशनगर, भुंजरया चौराहा, नईबस्ती होकर शोभायात्रा रामगंज, नगर पालिका होकर चौकी तिराहा पहुंची। इस बीच पालिका कार्यालय के सामने पालिकाध्यक्ष डॉ सरिता वर्मा ने प्रतिमाओं का तिलक कर आरती उतारी। सागर चौकी तिराहे से होकर मैया की सवारियां चंदकुआं पहुंची। जहां से गांधीनगर नक्टीमाता मंदिर, रामलला मंदिर होकर विसर्जन स्थल धनुताल पहुंचीं। यहां पर सिलसिलेवार विसर्जन शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। वहीं पुरानी स्टेट बैंक के समीप देवी प्रतिमाओं को आगे निकालकर ले जाने का प्रयास कर रहे कुछ युवकों को पुलिस ने जब रोकना चाहा तो पुलिस से नोकझोंक करने लगे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक की वर्दी पर लगी नेम प्लेट भी नीचे गिर गई। पुलिस ने मौके से उक्त युवकों को खदेड़कर एक युवक के हाथों से तलवार छीन ली। पुलिस उक्त युवकों का नाम पता मालूम करने में जुटी है।
--------------
फोटो-27-दरवाजों पर रंगोली सजाती महिलाएं व बच्चियां। संवार
रंगोली सजा कर की मैया की अगवानी
कोंच। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन से पूर्व रविवार को नगर भर में सबसे पहले मैया की यात्राएं अपने-अपने इलाकों में घर-घर पहुंची और मैया के स्वागत में नगरवासियों ने पलकेबिछाने में कोई कोर कसर नहीं रख छोड़ी। बेटियों ने अपने दरवाजे बुहार कर सुंदर रंगोलियां सड़कों पर सजाईं ताकि मैया का स्वागत सत्कार किया जा सके। बच्चियों ने उम्दा रंगोली सजाने में घंटों मशक्कत की लेकिन उनके चेहरे पर थकान नजर नहीं आ रही थी और उनका उत्साह देखते ही बनता था।
----------
विधायक ने भी प्रतिमाओं की आरती उतारी
कोंच। देवी मां की विसर्जन यात्रा में विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी प्रतिमाओं की आरती उतारी और देवी मां के चरणों में दक्षिणा अर्पित कर प्रसाद ग्रहण किया। विधायक के साथ भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया, प्रदीप गुप्ता, सुनील शर्मा, अनिल अग्रवाल आदि रहे। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा की अनुपस्थिति में उनके बेटे मनोजभान वर्मा ने पिता की परंपरा को आगे बढाते हुए देवी प्रतिमाओं की आरती उतारकर दक्षिणा अर्पित की। इस दौरान कैलाश मिश्रा, विनोद अग्निहोत्री, अनुरुद्ध मिश्रा, मोंटी आदि ने प्रसाद ग्रहण किया।
---------
नदीगांव में निकली शोभायात्रा
कोंच। नदीगांव में भी मां सिंह वाहिनी की विशाल शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। जिसमें बड़ी माता मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होकर छोटी माता और बाजार के रास्ते पहुज नदी तट पर पहुंची। वहां पूजा अर्चना के बाद आरती उतारी गई एवं नम आंखों से उनका विसर्जन कर दिया गया। बाजार में जगह जगह भंडारा प्रसाद वितरण हुआ। भंडारों की व्यवस्था में रविशंकर मिश्रा, माताप्रसाद जारौलिया, सौरभ चंदेल, आकाश पांडे, प्रभात, संतोष बजाज, डॉ शुभम मिश्रा आदि मौजूद रहे।
---
रामलीला का किया शुभारंभ
उरई। ग्राम रिरुआ में विक्रम राजपूत की अध्यक्षता में रामलीला का शुभारंभ किया गया। रामलीला का शुभारंभ भाजपा की जिला उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने फीता काटकर किया। कहा कि राम का जीवन प्रेरणादाई है। इस दौरान किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र राजपूत, दिनेश वैज्ञानिक, भरत द्विवेदी, रोहित राजपूत, हरिओम राजपूत, चंद्रपाल, शिवम गुप्ता, अमन राजपूत आदि मौजूद रहे। (संवाद)