ओसी कलेक्ट्रेट को ज्ञापन देते सहपऊ नगर पंचायत के आउटसोर्सिंग कर्मचारी।
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
नगर पंचायत में नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत ने कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को कृष्णा सुमन यादव एजूकेशन सोसायटी के माध्यम से रखा है। वेतन नहीं मिलने, चेयरमैन द्वारा अभद्रता करने एवं काम का समय निश्चित नहीं करने पर कर्मचारियों का एक प्रतिनिधि मंडल शनिवार की दोपहर को उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के हाथरस जिला अध्यक्ष सतीश कुमार चौहान के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंचा और ओसी कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि 48 घंटों तक उनकी मांगे नहीं गई तो वह नगर कार्यालय के सामने नगर पंचायत के चेयरमैन का पुतला दहन कर अनिश्चितकालीन काम बंद कर वेतन नहीं मिलने तक धरना देंगे। मांगों में चेयरमैन द्वारा अभद्रता एवं गालियां देना बंद करने, वेतन कटौती, काम करने की समयसीमा निश्चित करने, चेयरमैन द्वारा घर बुलाकर बैगार नहीं कराना आदि शामिल है।
इसके साथ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने नगर विकास कार्यालय लखनऊ, निदेशक स्थानीय निकाय लखनऊ अध्यक्ष राज्य सफाई कर्मचारी आयोग लखनऊ, अध्यक्ष राज्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग लखनऊ को भी उक्त ज्ञापन पंजीकृत डाक से प्रेषित कर उनसे उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर निर्णय लेने की अपील के साथ अधीनस्थों को उचित निर्देश लेने का अनुग्रह किया है।